
रुद्रपुर। शहर में आयोजित चतुर्थ श्याम संकीर्तन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया। इंडियन गैस एजेंसी के समीप आयोजित विशाल संकीर्तन महोत्सव में भजन गायकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
महोत्सव में अखंड ज्योति, भव्य दरबार, दिव्य दर्शन, अलौकिक श्रृंगार, फूलों की होली, छप्पन भोग, श्री श्याम रसोई एवं इत्र वर्षा जैसे विशेष धार्मिक आयोजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी भारत भूषण चुघ, श्री श्याम मित्र मंडली एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि भगवान की भक्ति मनुष्य के जीवन के दुखों को दूर कर उसे सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों को भी अपनाने का आह्वान किया।
महोत्सव में रुद्रपुर के भजन गायक अनिलेश राम, पीलीभीत के सुजीत हीरा तथा सूरतगढ़ की भजन गायिका वैष्णवी ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण “श्याममय” हो गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम मित्र मंडली द्वारा समाजसेवी भारत भूषण चुघ सहित कई गणमान्य लोगों को पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, सेवादार स्वर्गीय पवन अरोड़ा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
महोत्सव में महंत मनीष सलूजा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पारस चुघ, मोहनखेड़ा, योगेश ग्रोवर, सनी पाहवा, गुंजन जुनेजा, विजय अरोड़ा, अजय सैनी, राजा सहनी, राहुल कुमार, प्रेम अरोड़ा, गुलशन चावला, चंद्र प्रकाश चुघ, दीपक ढींगरा, ग्राम प्रधान मनदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।



