एसआईआर विवाद को लेकर रुद्रपुर में भाकपा(माले) का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाकपा(माले) ने शनिवार को बाटा चौक पर प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें पद से हटाने और उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष ललित मटियाली ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के हवाले से एसआईआर प्रक्रिया में नियमों में कथित बदलाव और अन्य दो चुनाव आयुक्तों की लिखित आपत्तियों को नजरअंदाज किए जाने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बदलावों से सत्तारूढ़ भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
भाकपा(माले) नेता अधिवक्ता अमनदीप कौर ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा-आरएसएस के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट देने का अधिकार प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने एसआईआर के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जाने की आशंका जताई और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आइसा प्रदेश सचिव धीरज कुमार ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र में सभी नागरिकों को समान रूप से प्राप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा नहीं दिया तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।
प्रदर्शन में अनिता अन्ना, सत्येंद्र, ज्ञानी सुरेन सिंह, रवीना, प्रीति, दीपक, विजय शर्मा, रंजन विश्वास और हरिओम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।