रुद्रपुर में आबकारी विभाग का एक्शन: अवैध शराब की भट्टी ध्वस्त, 3500 किलो लहन नष्ट, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिंदुखेड़ा में अवैध शराब निर्माण के अड्डे पर छापेमारी की। अभियान माननीया आबकारी आयुक्त के निर्देश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार एवं जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में चलाया गया।

छापेमारी के दौरान बिंदुखेड़ा स्थित नाले के पास अवैध शराब तैयार की जा रही एक भट्टी को ध्वस्त किया गया। मौके पर लगभग 3500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा करीब 35 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा एक घर की तलाशी के दौरान रबर ट्यूब में भरी 40 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान परमजीत सिंह पुत्र उत्तम सिंह निवासी दानपुर बिंदुखेड़ा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। वहीं गोलगेट नगला, पंतनगर में बीना पत्नी उमार सिंह के घर पर दबिश देकर 26 पाउच अवैध शराब बरामद किए गए। कुल मिलाकर लगभग 13 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने किया। इस दौरान प्रधान आबकारी सिपाही दीपक दुबे, विकास रावत, संतोष लोहनी, वीरेंद्र कुमार, मंजू एवं रोशनी सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।