
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेन्द्र चौधरी के देहरादून स्थानांतरण पर बुधवार को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और कुशल नेतृत्व से जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने नई तैनाती एवं भावी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अपने कार्यकाल के दौरान जितेन्द्र चौधरी ने अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति कार्यक्रमों तथा जनसामान्य के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूती मिली।
समारोह में एसएसपी अजय गणपति ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं पुलिस परिवार ने भी उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एसपी सिटी रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर, सीएफओ, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




