
रुद्रपुर। फौजी मटकाता क्षेत्र में नेत्रदान का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सेवानिवृत्त फौजी (पंजाब रेजीमेंट) स्व. आत्माराम गिरी की धर्मपत्नी श्रीमती भूरी देवी के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की। परिजनों की सहमति के बाद सीआर मित्तल नेत्रदान केंद्र की टीम ने डॉ. एल.एम. उप्रेती की देखरेख में नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान आई टेक्नीशियन मनीष रावत ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सफलतापूर्वक कॉर्निया संग्रह किया। महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन एस.के. मित्तल के निर्देशन में संपन्न इस कार्य की सभी ने सराहना की।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने परिवार के इस निर्णय को अनुकरणीय बताते हुए आभार व्यक्त किया। परिजनों ने बताया कि भूरी देवी के नेत्र अब दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी लाएंगे। इस अवसर पर महिपाल गिरी, किशन गिरी, कैलाश गिरी, सुभाष गिरी, आशा गोस्वामी, मुन्नी गिरी, कुमकुम गिरी और पार्षद गौरव गिरी सहित कई लोग मौजूद रहे।



