क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल बंदी के फैसले पर भड़के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। शिमला पिस्तौर स्थित क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल में उत्पन्न विवाद के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने स्कूल पहुंचकर अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मामले की पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि बीच शैक्षणिक सत्र में स्कूल बंद करना किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो वह स्वयं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की हिटलरशाही और घोर लापरवाही के कारण करीब 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है, जबकि 80 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन को यह अधिकार किसने दिया कि वह बीच सत्र में स्कूल बंद करने का फैसला ले। ठुकराल ने कहा कि शिक्षा और छात्रों के भविष्य से जुड़े ऐसे निर्णय बेहद संवेदनशील होते हैं, इसलिए प्रबंधन को तत्काल अपना फैसला वापस लेना चाहिए और छात्रों व कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।