
रुद्रपुर। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत के बाद मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सोमवार रात रिंग रोड के पास साई बिहार कॉलोनी निवासी दंपति सुनीता यादव और संतोष यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। वहीं, शिवनगर निवासी राम बेटी की भी महतोष के पास हुए सड़क हादसे में जान चली गई।
तीन लोगों की मौत की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता की और प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का आग्रह किया।



