
रुद्रपुर। हैदराबाद में करीब 05 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के मामले में उत्तराखण्ड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तेलंगाना के एक IPS अधिकारी द्वारा आधी रात दी गई सूचना पर SSP अजय गणपति ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वयं मोर्चा संभाला और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखण्ड के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही SSP अजय गणपति ने देर रात SOG टीम को सक्रिय किया तथा रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। पूरे ऑपरेशन की निगरानी स्वयं SSP अजय गणपति द्वारा की गई।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बस को रोका गया, जिसमें नेपाल भागने की तैयारी कर रहे नेपाली मूल के तीन आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया। इसके बाद रुद्रपुर पुलिस एवं रामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद स्थित बिलासपुर क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद हुए। बस उत्तर प्रदेश सीमा में रुकने के कारण बरामदगी और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई।
यह कार्रवाई SSP अजय गणपति की त्वरित निर्णय क्षमता, अंतर्राज्यीय समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। रुद्रपुर पुलिस और रामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से न केवल करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि आरोपियों के नेपाल भागने की साजिश भी विफल कर दी गई।
Video👇



