
काशीपुर। जसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने भाजपा उम्मीदवार सचिन बाठला को 94 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को नया संदेश दिया है। 9 जून को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए चुनाव की आज हुई मतगणना के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा लगातार बढ़त बनाए रहे। परिणाम घोषित होने पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों के अंतर से शिकस्त दी।
हार के बाद धांधली की आशंका जताते हुए मतगणना दोबारा कराई गई, लेकिन पुनर्गणना में भी परिणाम यथावत रहा और निर्दलीय प्रत्याशी की जीत पर मुहर लग गई। भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक नामांकन के बाद से ही जीत को लेकर अत्यधिक आश्वस्त नजर आ रहे थे। यही अतिआत्मविश्वास चुनावी रणनीति पर भारी पड़ गया। दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी ने जमीनी स्तर पर लगातार जनसंपर्क बनाए रखा, जिसका लाभ उन्हें मतदान में मिला।स्थानीय मतदाताओं ने इस चुनाव में बदलाव के पक्ष में मतदान करते हुए स्पष्ट संदेश दिया। चुनाव परिणाम ने यह भी साबित किया कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला मतदाता का होता है और केवल राजनीतिक दल का नाम जीत की गारंटी नहीं बन सकता।
गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को अपनी जीत का पूरा भरोसा था, लेकिन मतदाताओं ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जनता के मूड को समझने में हुई चूक और अतिआत्मविश्वास हार का प्रमुख कारण बना। निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ बनाकर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।



