
रुद्रपुर। वार्ड नंबर-25 फाजलपुर मेहरौला की विभिन्न कॉलोनियों में वर्षों से चली आ रही समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय से भेंट कर लोक विहार कॉलोनी, बराड़ नगर और अपना एंक्लेव की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पूर्व विधायक ठुकराल ने बताया कि संबंधित कॉलोनियों में मकानों की रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद वर्ष 2018 में जिलाधिकारी के आदेश के तहत भूमि की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई थी। इसके साथ ही रजिस्ट्री, नए विद्युत कनेक्शन तथा जल संयोजन जारी करने पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवार गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण वार्ड नंबर-25 के निवासी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं तथा नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लंबे समय से समस्याओं का समाधान न होने के कारण लोगों में भारी रोष और मानसिक तनाव व्याप्त है।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि नगर निगम रुद्रपुर का हिस्सा होने के बावजूद यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह कट गया है। सड़क, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में यहां के लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान राजवीर सिंह, गुरमीत सिंह, तरसेम सिंह, डॉ. पी.पी. यादव, एस.एस. यादव, विजय दानी, मनवीर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, शाकिर अली (सज्जू), पीयूष शर्मा, बलविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, गिरजा शंकर पांडे, हरप्रीत सिंह, वैभव, देवेंद्र सिंह, यश पाठक, चंकीरत सिंह, हर्ष रावल, बलवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुखदेव सिंह चंदी, कुलदीप सिंह, चंदन सिंह रौतेला, महेश जोशी, प्रभाकर पांडे, संदीप वर्मा, हरजीत सिंह, लखविंदर सिंह, ललित सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



