
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली, लूटा गया सामान व अवैध तमंचा बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नानकमत्ता पुलिस, प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में वांछित अभियुक्त गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग क्षेत्र में कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने के बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपी नहीं माना, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दोनों अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय व नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 3(5) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



