पंतनगर की तीन कॉलोनियों के हितों की पैरवी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/खटीमा। पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी एवं मस्जिद कॉलोनी के निवासियों के हितों की रक्षा को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शनिवार को क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ खटीमा स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्षों से इन बस्तियों में रह रहे परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए कॉलोनियों को यथावत बनाए रखने और किसी भी प्रकार की उजाड़ने की कार्रवाई न किए जाने का आग्रह किया।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन कॉलोनियों में बड़ी संख्या में परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। उनके आवास, रोजगार, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जीवन का आधार यही बस्तियां हैं। ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले मानवीय पहलुओं और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए मांग की कि उनके आशियानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी परिवार को विस्थापन जैसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित विषय पर सभी तथ्यों एवं नियमों का परीक्षण कर न्यायोचित, मानवीय और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुलाकात के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे को वह आगे भी पूरी मजबूती के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष उठाते रहेंगे।