
रुद्रपुर। युवाओं को सामाजिक बुराइयों और आधुनिक अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात ऊधमसिंहनगर जितेंद्र चौधरी के निर्देशन में श्री गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, नशे के दुष्प्रभाव और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में करीब 280 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कला के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए। छात्राओं ने साइबर फ्रॉड से बचाव, नशामुक्त समाज और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रभावशाली पोस्टर तैयार किए।
19 मई 2026 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेंद्र चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा 10 ‘C’ की छात्रा तनु विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10 ‘C’ की निशा गुप्ता और कक्षा 11 ‘A’ की माही शर्मा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 10 ‘C’ की भावना जोशी और भूमि सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में छात्र-छात्राओं का साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन व सुरक्षा उपायों की जानकारी रखने की अपील की।
उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की कला और सोच समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का मजबूत माध्यम बन सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, साइबर सेल रुद्रपुर और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




