
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को द ऑक्सफोर्ड अकादमी रुद्रपुर में बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा POCSO अधिनियम के प्रावधानों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं विभिन्न विभागों से पहुंचे विशेषज्ञों ने बच्चों को यौन अपराधों, बाल विवाह, बाल श्रम, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध तथा शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव के उपाय बताए। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दें।
इस दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अभियान में बाल कल्याण समिति सदस्य चंद्रकला रॉय, चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक चांदनी रावत, वन स्टॉप सेंटर से चंचल बाला, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. श्वेता दीक्षित एवं डॉक्यूमेंट्स ऑफिसर आराध्या श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. नेगी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



