
भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर अभियान कार्यक्रम की तरीखों में बदलाव किया है.
देहरादून: उत्तराखंड में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट दिया है. निर्वाचन आयोग के अनुसार 15 सितंबर को फाइनल मतदाता सूची जारी होनी थी, लेकिन अब उसकी डेट बढ़ा दी गई है. नोटिस फेज, दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया समय पर पूरा न होने के चलते भारत निर्वाचन आयोग ने फाइनल मतदाता सूची जारी करने के लिए 17 दिन का समय बढ़ा दिया है.
समय सीमा को बढ़ाया गया: ऐसे में दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय सीमा को बढ़ाकर 28 सितंबर तक कर दिया है, जबकि पहले 11 सितंबर तक इसका निस्तारण किया जाना था. एसआईआर के शेड्यूल में बदलाव होने के चलते अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
863 नोटिस की सुनवाई होना बाकी: दरअसल, 14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में 71,33,785 मतदाता है, जिसमें से 24,30,387 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है. इनमें से 24,29,524 नोटिस की सुनवाई हो चुकी है, जबकि 863 नोटिस की सुनवाई होना बाकी है. यानी वर्तमान समय तक 99.96 फीसदी नोटिस की सुनवाई हो चुकी है. लेकिन निर्वाचन आयोग के लिए सबसे बड़ी चुनौती फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 की बनी हुई है. क्योंकि दावे और आपत्तियों के लिए दिए गए समय यानी 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच 3,19,309 फॉर्म आयोग को प्राप्त हुए हैं, जिसमें फॉर्म 6 के 137146 आवेदन, फॉर्म 7 के 1,30,382 आवेदन और फॉर्म 8 के 51,781 आवेदन प्राप्त हुए है.
25 फीसदी आवेदनों का ही निस्तारण हो पाया: आयोग को प्राप्त सभी 3,19,309 आवेदनों में से 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा सका है, जबकि 2,39,070 आवेदन अभी अंडर प्रोसेस में है. यानी अभी तक मात्र 25 फीसदी आवेदनों का ही निस्तारण हो पाया है, जिसके चलते दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय सीमा को 28 सितंबर 2026 तक के लिए बढ़ा दिया गया है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दावे और आपत्तियों के आवेदन के दौरान फॉर्म 6 के कुल 1,37,146 आवेदन आयोग को प्राप्त हुए थे, जिसमें से अभी तक 22,567 आवेदन का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1,14,579 आवेदन पर कार्रवाई जारी है.
इसी क्रम में फॉर्म 7 के कुल 1,30,382 आवेदन आयोग को प्राप्त हुए थे, जिसमें से अभी तक 44,132 आवेदन का निस्तारण हो चुका है, जबकि 86,250 आवेदन पर कार्रवाही जारी है. इसके अलावा फॉर्म 8 के कुल 51,781 आवेदन आयोग को प्राप्त हुए थे जिसमें से अभी तक 13,540 आवेदन का निस्तारण हो चुका है, जबकि 38,241 आवेदन पर कार्रवाही जारी है.



