रुद्रपुर के व्यापारी के कर्मचारी से ट्रेन में 7 लाख की लूट, व्यापार मंडल सक्रिय

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर से एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां शहर के व्यापारी मनजीत सिंह के कर्मचारी दिल्ली सामान लेने जा रहे थे। यात्रा के दौरान संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बिलासपुर के पास ट्रेन के डिब्बे में अज्ञात बदमाशों ने करीब 7 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा तुरंत सक्रिय हुए और रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर पीड़ित व्यापारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और व्यापारी को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
संजय जुनेजा ने रेलवे अधिकारियों के साथ-साथ बिलासपुर कोतवाली से भी वार्ता कर मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर लूटी गई रकम बरामद करने की अपील की।
घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।