
पंतनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग रुद्रपुर की ओर से गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में परिवहन कर अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट एवं मुकुल अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों, यातायात संकेतों तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे और परिवहन अधिकारियों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


