
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर दिनभर जनसेवा के कार्य किए। पांच मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ विधि-विधान से हवन-यज्ञ कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई।
इसके बाद बिगवाड़ा मंडी में 500 श्रमिकों को लेबर किट वितरित की गईं। विधायक ने कहा कि श्रमिक समाज और अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। वहीं कुष्ठ आश्रम पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल एवं फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना।
विधायक शिव अरोरा ने त्रिशूल चौक स्थित जवाहरलाल ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद पंडित राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और फल वितरित किए। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को ‘सेवा, समर्पण एवं सुशासन दिवस’ के रूप में मनाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा उत्तराखंड की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।




