रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम का जोरदार विरोध, बिना मीटर लगाए लौटी टीम

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि एसडीओ अनु मदान के नेतृत्व में पहुंची टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विद्युत विभाग की टीम ट्रांजिट कैम्प के विवेक नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
विरोध की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों का समर्थन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।
राजकुमार ठुकराल ने एसडीओ अनु मदान से कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में समान नीति अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पूंजीपतियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, उसके बाद आम जनता के घरों में लगाए जाएं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के घरों में पहले लगाए गए स्मार्ट मीटर बाद में हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगा दिए गए।
ठुकराल ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का किसी भी स्थिति में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर कई तरह की आशंकाएं हैं और जब तक इनका समाधान नहीं किया जाता, तब तक लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपना उचित नहीं है।
काफी देर तक चले विरोध और बहस के बाद विभाग ने फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया और टीम को वापस लौटना पड़ा। इलाके में इस घटना के बाद स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है।