
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में मान्यता प्रक्रिया के बीच संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और उपजिलाधिकारी मोनिका आर्य के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मदरसा संचालकों से बातचीत कर संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।इसके बाद दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड को भंग किया जा चुका है। वर्तमान व्यवस्था के तहत मदरसों को शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त करनी होगी।
उन्होंने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में कुछ मदरसे बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने जांच कर दो मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किए जा रहे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने संचालकों से सभी जरूरी दस्तावेज और अनुमति पूर्ण करने के बाद ही संस्थान संचालित करने की अपील की है।
उधर मदरसा संचालकों ने बताया कि 30 सितंबर तक मान्यता लिए जाने का वक्त है जिसको लेकर प्रक्रिया चल रही है मान्यता से संबंधित इंस्पेक्शन भी अधिकारी कर चुके हैं जल्द ही मान्यता सर्टिफिकेट हासिल हो जाएगा


