
ऊधमसिंह नगर। मारपीट के एक प्रकरण में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को कोतवाली पहुंचे पूर्व विधायक नारायण पाल और कोतवाल सुंदरम शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
कार्रवाई को लेकर शुरू हुई बहस उस समय और गरमा गई, जब बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने कोतवाल को ‘तुम’ कहकर संबोधित किया। इस पर कोतवाल सुंदरम शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा, ‘तुम-तुम मत करिए विधायक जी, थाने का इंस्पेक्टर हूं। जिस तरह से बात कर रहा हूं, उसी तरह बात करिए।’ शनिवार को पूर्व विधायक नारायण पाल बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ मारपीट के एक मामले में कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि शिकायत के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसे लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई।
पूर्व विधायक नारायण पाल का कहना था कि मारपीट के मामले में आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना था कि घायल व्यक्ति का मेडिकल कराया जा चुका है और प्रकरण में कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान कोतवाल सुंदरम शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक और ग्रामीणों को बताया कि मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई चल रही है। नए कानून में दिए गए प्रावधानों के अनुसार जांच की जा रही है और जल्दबाजी में नियमों से हटकर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।
बातों-बातों में ‘तुम’ पर अटक गई बहस
कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल ही रही थी कि संबोधन को लेकर माहौल गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व विधायक नारायण पाल ने बातचीत के दौरान कोतवाल को ‘तुम’ कहकर संबोधित किया।
इस पर कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कड़े शब्दों में आपत्ति जताते हुए कहा, ‘तुम-तुम मत करिए विधायक जी। मैं इस थाने का इंस्पेक्टर हूं। जिस तरह से बात कर रहा हूं, उसी तरह बात करिए।’ कोतवाल के इस जवाब के बाद कुछ देर तक दोनों के बीच तीखी बहस होती रही। कोतवाली परिसर में मौजूद ग्रामीण और पुलिस अधिकारी भी इस घटनाक्रम को देखते रहे।
सीओ की रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कोतवाल सुंदरम शर्मा ने पूर्व विधायक को बताया कि संबंधित प्रकरण क्षेत्राधिकारी के स्तर पर भी विचाराधीन है। मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना था कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट के आधार पर ही नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। घटनाक्रम के दौरान कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कुछ देर तक चली बहस के बाद भी पूर्व विधायक और ग्रामीण आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।


