
रुद्रपुर। छात्र नेता स्वर्गीय संदीप संधू की स्मृति में आयोजित 15वें रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। किच्छा रोड स्थित सरकारी ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्व. संदीप संधू को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि स्व. संदीप संधू की स्मृति में प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर समाज सेवा और मानवता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लखबीर सिंह लक्खा, पार्षद गौरव खुराना, पार्षद सौरभ शर्मा, जावेद अख्तर, रमित रजवार, प्रकाश गुप्ता, हरपाल सिंह, सुखविंदर सिंह, चमन लाल, अमन पोपली, चेतन मांगट, अमृत चीमा, संजय ठुकराल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



