काशीपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, शराब माफिया गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी। शुक्रवार 15 मई 2026 को अपराध निरोध क्षेत्र-03 काशीपुर की टीम ने मानपुर रोड स्थित कचनालगाजी इलाके में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के अड्डे का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान अभियुक्त रामपाल पुत्र चतरी निवासी कचनालगाजी को मौके से गिरफ्तार किया गया। टीम ने आरोपी को सक्रिय अवैध कच्ची शराब की भट्टी पर शराब बनाते हुए पकड़ा। मौके से कुल 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा कार्रवाई के दौरान लगभग 7000 किलोग्राम लहन को भी मौके पर नष्ट किया गया। यह पूरी कार्रवाई आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी के नेतृत्व में की गई, जिसमें क्षेत्र-03 काशीपुर का समस्त आबकारी स्टाफ मौजूद रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।