स्व. वीरेंद्र सिंह सामंती व बंटी कोली की स्मृति में रक्तदान शिविर, 61 यूनिट रक्त संग्रहित

खबरें शेयर करें

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बोले— रक्तदान सबसे बड़ा महादान, युवाओं से आगे आने का आह्वान

रुद्रपुर। मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सामंती एवं युवा नेता स्वर्गीय बंटी कोली के जन्मदिवस पर बुधवार को उनकी स्मृति में काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के समीप रुद्रपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने दोनों दिवंगत नेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में समाजसेवा के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लेते हुए कुल 61 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सामंती और स्वर्गीय बंटी कोली ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। दोनों हमेशा लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहे और बिना किसी भेदभाव के सेवा को अपना उद्देश्य बनाया। यही वजह है कि आज भी वे लोगों के दिलों में जीवित हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों का अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में असामयिक निधन हो गया था, लेकिन उनके सामाजिक कार्य और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान से होती है और स्वर्गीय सामंती एवं बंटी कोली ने अपने कार्यों से इसे सिद्ध किया।

राजकुमार ठुकराल ने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है और ऐसे सेवा कार्य ही दिवंगत समाजसेवियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी दोनों की स्मृति में रक्तदान शिविर सहित जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में सुनील चुघ, संजय ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, संदीप चीमा, योगेश चौहान, वरिष्ठ पत्रकार राजीव चावला, पार्षद जितेश शर्मा, विजय फुटेला, शगुन अरोरा, सिमरन अरोरा, प्रवेश बब्बर, सुल्तान सिंह, ललित सिंह बिष्ट, आनंद शर्मा, पंकज सुखीजा, बॉबी टुटेजा, सुभाष खुराना, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखबीर सिंह लक्खा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रुद्रपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक के प्रबंध निदेशक सत्यम शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम ने रक्तदान शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।