
रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि का हाल जानने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से अभिषेक के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि बीते दिनों कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि समेत दो युवक घायल हो गए थे। हादसे में अभिषेक को गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली के भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति अस्पताल रेफर किया गया था।
अस्पताल में चिकित्सकों ने पूर्व विधायक ठुकराल को अभिषेक की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे उपचार के संबंध में जानकारी दी। ठुकराल ने परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने ईश्वर से अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।



