
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पेट्रोलियम उत्पादों और घरेलू एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के लगातार बढ़ते मुनाफे के बावजूद आम उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी जा रही, जिससे महंगाई की मार झेल रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मीडिया को जारी बयान में ठुकराल ने दावा किया कि सरकारी तेल कंपनियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है। वहीं जनवरी से मार्च 2026 की अवधि में भी कंपनियों का मुनाफा करीब 19 हजार करोड़ रुपये रहा। इसके बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि आम जनता के हितों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस के बढ़ते दामों ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिससे खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों पर काम कर रही है, जबकि आम नागरिक महंगाई से परेशान है। उन्होंने मांग की कि तेल कंपनियों के मुनाफे का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा कर राहत दी जाए।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और जनता में असंतोष बढ़ रहा है। सरकार को महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।



