रुद्रपुर में चैंपियन वोविनाम टीम का भव्य स्वागत, 71 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना उत्तराखंड

खबरें शेयर करें

भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से किया सम्मानित, बोले—ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे प्रदेश को गर्व

रुद्रपुर, 8 सितंबर। जम्मू में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप-2026 में 71 पदक जीतकर ओवरऑल टीम चैंपियन बनी उत्तराखंड वोविनाम टीम का मंगलवार को रुद्रपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर, फूल-मालाओं से स्वागत कर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।

चैंपियनशिप में उत्तराखंड ने 28 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य सहित कुल 71 पदक हासिल किए। टीम ने 223 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों ने पूरे देश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। 71 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनना ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, ऋषिपाल भारती के मार्गदर्शन और सभी कोचों के समर्पण की सराहना करते हुए पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कर्लिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के डायरेक्टर मुकेश यादव ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।

वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने बताया कि जम्मू के इंडोर स्टेडियम, भगवती नगर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में 25 राज्यों के लगभग 1000 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड के 93 खिलाड़ियों के दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और सरकार के सहयोग का परिणाम है।

इस मौके पर रफ्तार सिंह, विनोद लखेरा, मुकेश पाल, गंगा मेहरा, विश्वकेतु वैद्य, नरेंद्र सिंह, विक्रम कुमार, रूनू शर्मा, क्षितिज सिंह, गुलशन कुमार, शिवम, मिंकु, हिमा भट्ट, यतेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, रिया बृजवासी, नेहा, महेश ठाकुर, सुखदेव सिंह, संदीप सिंह, संता सिंह, पूरन पांडेय, विकास चौधरी, अमित गौड़, हीरामन ढाली सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।