काशीपुर में बैंक अधिकारी बनकर बुजुर्ग से 29 लाख की ठगी, देहरादून में भी महिला से धोखाधड़ी

खबरें शेयर करें
उधम सिंह नगर के काशीपुर में एक बुजुर्ग से लाखों की ठगी मामले की पुलिस पड़ताल में जुट गई है.
रुद्रपुर: काशीपुर में साइबर ठगों ने बैंक का अधिकारी बनकर एक वृद्ध व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया. ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी बैंक एप भेजकर बैंक खाते की जानकारी हासिल की और दो दिनों के भीतर नौ ट्रांजेक्शनों के जरिए 29 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली. पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर निवासी एक वृद्ध व्यक्ति के साथ 29 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी हो गई. साइबर अपराधियों ने स्वयं को बैंक का अधिकारी बताकर पीड़ित के मोबाइल पर एक फर्जी एप्लीकेशन भेजी और उसके माध्यम से बैंक खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली. इसके बाद आरोपियों ने दो दिनों के भीतर खाते से कुल 29,00,022 रुपये निकाल लिए.
जानकारी के अनुसार गढ़वाल सभा, जसपुर खुर्द, काशीपुर निवासी सुधेश कुमार का एक बैंक शाखा में संयुक्त खाता है. छह जून को शाम करीब साढ़े चार बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि खाते की बैंकिंग सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए ई-बैंकिंग एप का उपयोग करना आवश्यक है. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर ऑनलाइन फॉर्म भरने को कहा. सुधेश कुमार ने फाइल खोलकर मांगी गई जानकारी भर दी, लेकिन एप ठीक प्रकार से कार्य नहीं कर रहा था.
उन्हें संदेह होने पर उन्होंने एप को बंद कर दिया. अगले दिन जब उन्होंने अपने मोबाइल में बैंक संबंधी संदेश देखे तो पता चला कि छह और सात जून को उनके खाते से नौ अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए हैं. इन ट्रांजेक्शनों के जरिए कुल 29,00,022 रुपये निकाल लिए गए. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई व बैंक को सूचना देकर अपना खाता सीज करा दिया.
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. साइबर इंस्पेक्टर धीरेंद्र पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. साथ ही धनराशि की रिकवरी और आरोपियों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
देहरादून में महिला से लाखों की ठगी: दून की बुटीक संचालिका को साइबर ठग ने जाल में फंसाकर लाखों रुपए की ठगी कर डाली है. 50 वर्षीय बुटीक संचालिका अविवाहित ने एक मैट्रिमोनियल एप में पंजीकरण किया था, जिसके बाद साइबर ठग ने खुद को यूके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया और गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी की गई है. महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कहा कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उसका एक छोटा बेटा है, जिसे एक मां की आवश्यकता है यह सुनकर अपनी शादी के लिए हामी भर दी. उसके बाद आरोपी ने एक व्हाट्सएप मैसेज किया कि उसने एक गिफ्ट भेजा है जिसमें अंगूठी, मोबाइल और 20 हजार अमेरिकन डॉलर है. 15 जुलाई 2025 को उनके पास किसी डोला राय का कॉल आया और उसने बताया कि उनका पार्सल इंडिया पहुंच चुका है, जिसकी डिलीवरी होने से पहले 36,200 रुपये अदा करने होंगे. रकम का भुगतान कर दिया, उसके बाद पार्सल को लेने के लिए अलग-अलग नंबरों से कॉल आने शुरू हो गए और अलग-अलग तरीकों से 50 लाख रुपए ठग लिए गए. साथ ही आरोपी पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.