
रुद्रपुर। बंगाली समाज की आरक्षण, बांग्ला भाषा को मान्यता तथा विभिन्न सामाजिक अधिकारों की मांग को लेकर रविंद्रनाथ टैगोर पार्क में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को लगातार समर्थन मिल रहा है। मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देते हुए इसे सामाजिक न्याय की लड़ाई बताया।
इस दौरान सत्येंद्र कुमार ने कहा कि बंगाली समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि बंगाली समाज अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही आरोप लगाया कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर वर्षों से समाज की मांगों की अनदेखी की जा रही है।
समाजसेवी रिपन सरकार ने कहा कि बंगाली समाज की समस्याओं को लेकर कई बार सरकार और प्रशासन के समक्ष मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं मिल पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार आरक्षण, भाषा की मान्यता और अन्य सामाजिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेगी।
धरना स्थल पर मौजूद वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर विजय कुमार, बलराम, राजेंद्र, टोनी पठान, जालंधर सिंह, विजय सागर, सोमपाल सागर, राहुल सागर, संजू सागर, वीरेंद्र कुमार, वासुदेव मित्र, अशोक कुमार, वासुदेव विश्वास, विक्की कुमार, विशाल शाह, बापी दास सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और समर्थक मौजूद रहे।




