
रुद्रपुर। कैंसर मरीजों को अब विशेषज्ञ परामर्श के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नई दिल्ली ने रुद्रपुर के किच्छा स्थित किशोर हॉस्पिटल में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस पहल से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने शहर में ही विशेषज्ञ कैंसर परामर्श और फॉलो-अप की सुविधा मिलेगी।
ओपीडी के शुभारंभ के अवसर पर बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल के जीआई ऑन्कोसर्जरी विभाग के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. मनीष जैन तथा किशोर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल किशोर मौजूद रहे।
डॉ. मनीष जैन प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक किशोर हॉस्पिटल में मरीजों को प्राथमिक परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कैंसर के मरीजों को समय पर विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराना और लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक करना है, ताकि बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर भोजन नली, पेट, छोटी और बड़ी आंत, लिवर, पैंक्रियास तथा गॉल ब्लैडर जैसे पाचन तंत्र के अंगों को प्रभावित करता है। आधुनिक दा विंची रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी जैसी तकनीकों से अब जटिल सर्जरी अधिक सटीकता के साथ की जा रही हैं, जिससे मरीजों को कम दर्द और तेजी से रिकवरी का लाभ मिलता है।
किशोर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल किशोर ने कहा कि बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल के साथ यह सहयोग क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी सौगात है। अब उन्हें विशेषज्ञ कैंसर परामर्श और आधुनिक उपचार सुविधाओं के लिए दूर-दराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल का कहना है कि इस नई ओपीडी के माध्यम से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में अत्याधुनिक कैंसर उपचार सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी तथा मरीजों को विशेषज्ञ मेडिकल एवं सर्जिकल टीम का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।


