
रुद्रपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुक्रवार को गांधी पार्क में आयोजित केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम में किसानों की भागीदारी बेहद कम रही। उन्होंने आरोप लगाया कि संख्या पूरी करने के लिए अन्य विभागों के कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा एएनएम को बुलाया गया।
ठुकराल ने कहा कि यह किसानों से जुड़ा कार्यक्रम था, लेकिन किसान ही इसमें बड़ी संख्या में मौजूद नहीं थे। उनके अनुसार, कार्यक्रम का मूल उद्देश्य पूरा नहीं हो सका, जिससे किसानों और उपस्थित लोगों में निराशा का माहौल देखने को मिला।
उन्होंने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान आज भी खाद की कमी से जूझ रहे हैं। उनका दावा है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे धान की खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें आर्थिक व कृषि संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार को कार्यक्रमों के आयोजन के बजाय किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि उन्हें समय पर खाद और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।


