
रुद्रपुर। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली ने रुद्रपुर के फ्यूटेला हॉस्पिटल में डेडिकेटेड न्यूरोसर्जरी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस पहल से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ न्यूरोसर्जरी परामर्श अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेगा।
ओपीडी सेवा का शुभारंभ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली के न्यूरोसर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. ऋषिकेश चक्रबर्ती की उपस्थिति में किया गया। डॉ. चक्रबर्ती प्रत्येक माह के तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक फ्यूटेला हॉस्पिटल, रुद्रपुर में मरीजों के लिए प्राथमिक एवं फॉलो-अप परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे।
डॉ. ऋषिकेश चक्रबर्ती ने बताया कि मैक्स में इमेज-गाइडेड ब्रेन सर्जरी, जटिल ब्रेन ट्यूमर उपचार, पार्किंसन रोग के लिए डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (DBS), न्यूरोनैविगेशन, न्यूरोफिजियोलॉजिकल मॉनिटरिंग तथा मिनिमली इनवेसिव एवं एंडोस्कोपिक ब्रेन और स्पाइन सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि न्यूरोलॉजिकल और स्पाइन संबंधी बीमारियों में समय पर निदान और विशेषज्ञ उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। रुद्रपुर में ओपीडी शुरू करने का उद्देश्य मरीजों को घर के नजदीक विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच और व्यक्तिगत उपचार योजना उपलब्ध कराना है। जिन मरीजों को एडवांस्ड सर्जिकल उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें आगे की विशेषीकृत चिकित्सा के लिए मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली रेफर किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह पहल उत्तराखंड के मरीजों तक महानगरों में उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न्यूरोलॉजिकल एवं स्पाइन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को समय पर विशेषज्ञ सलाह और बेहतर उपचार विकल्प मिल सकेंगे।



