
लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इंदिरा नगर द्वितीय में बीती देर रात हुए इस हादसे में 26 वर्षीय युवक संतोष भट्ट की जान चली गई। वह अपनी बहन से मिलने आया था, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह मुलाकात आखिरी साबित होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष भट्ट, जो बागेश्वर का निवासी था और देहरादून की एक कंपनी में कार्यरत था, छुट्टी के दौरान अपनी बहन के घर बिंदुखत्ता आया हुआ था। देर रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी इंदिरा नगर में दानू स्कूल के पास अचानक सामने आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में उसकी स्कूटी फिसल गई और वह सिर के बल सड़क पर जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 और 112 पर सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बहन, जिससे मिलने वह आया था, गहरे सदमे में है और पूरे घर का माहौल गमगीन हो गया है।
बताया जा रहा है कि संतोष अपने परिवार में एक भाई और दो बहनों में से एक था। उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। क्षेत्र में भी इस घटना के बाद शोक की लहर है और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है।



