
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। समीक्षा के दौरान आईटीआई कोतवाली में विवेचनाओं के पर्यवेक्षण, पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों के पालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
इसके अलावा पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को भी शिकायतों के निस्तारण में देरी और दायित्वों के प्रति उदासीनता के चलते लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों के प्रति असंवेदनशीलता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में जवाबदेह और जनकेंद्रित पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



