
रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) हल्द्वानी के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय अभियान के दौरान रुद्रपुर क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) रुद्रपुर नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान कुल 52 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 15 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के छह मामले और ओवरलोडिंग के आठ मामले सामने आए। इसके अलावा वाहन फिटनेस, परमिट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
ARTO नवीन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।



