जनसहयोग से नवदंपतियों को गृहस्थी का पूरा सामान भेंट, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बोले— निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के तत्वावधान में रम्पुरा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सहयोग से भव्य रूप से संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी हुईं। हजारों लोगों की मौजूदगी में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया। देर रात तक आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संत कबीर दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद मां काली मंदिर से छह सजी हुई बग्गियों में दूल्हों की भव्य बारात निकाली गई, जो रम्पुरा के प्रमुख मार्गों से होते हुए विवाह स्थल पहुंची। बारात का नेतृत्व पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली ने किया।

विवाह के बाद प्रत्येक नवदंपति को वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, डबल बेड, अलमारी, सिलाई मशीन, बर्तन, रसोई का सामान, पंखे, प्रेशर कुकर, डिनर सेट सहित गृहस्थी का अन्य आवश्यक सामान भेंट किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व और पुण्य का कार्य है। वहीं कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली ने बताया कि समाज के सहयोग से लगातार चौथे वर्ष इस सामूहिक विवाह का सफल आयोजन किया गया है।

समारोह में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, दानदाताओं और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।