
देर रात निजी वाहन से औचक निरीक्षण पर निकले एसएसपी, ड्यूटी प्वाइंट से गायब मिले पुलिसकर्मी, गलत लोकेशन बताने का भी खुलासा
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। फायरिंग की सूचना के बाद हाईवे पर लगाए गए चेकिंग प्वाइंटों का एसएसपी ने स्वयं निजी वाहन से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताई।
जानकारी के अनुसार, 4/5 अगस्त 2026 की रात पंतनगर क्षेत्र में एक सफेद स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए थे।
इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति रात करीब 12 बजे निजी वाहन से महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे स्थित चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण में रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टी के कई पुलिसकर्मी ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाकर वरिष्ठ अधिकारियों को गलत जानकारी दी।
इस गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से 09 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 04 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



