राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की CDO ने की समीक्षा, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण व फॉलोअप पर जोर

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने कार्यक्रम की प्रगति और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में RBSK की टीमें तैनात हैं, जो स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करती हैं। गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को अनुबंधित अस्पतालों में रेफर कर उनका निःशुल्क उपचार कराया जाता है।

सीडीओ दिवेश शासनी ने बाल विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को बच्चों में शारीरिक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर तीनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मासिक बैठक आयोजित करने को कहा। उपचाररत बच्चों का इलाज पूरा होने तक नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने कार्यक्रम की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को मासिक प्रगति रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही HPV वैक्सीन टीकाकरण अभियान में RBSK टीम का सहयोग लेने और समुदाय में जागरूकता व प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, डॉ. एसपी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, हिमांशु मस्यूनी, डीएस भंडारी, प्रदीप महर, पूरन मल, जावेद अहमद, डॉ. श्वेता, नंदलाल, प्रदीप पाठक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।