
भारत के खिलाफ मैच में ICC आचार संहिता तोड़ने पर फातिमा सना पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा.
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना
दुबई: आईसीसी ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया है. उन पर ये कार्रवाई शनिवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत के खिलाफ महिला एशिया कप ग्रुप A मैच के दौरान भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद एग्रेशन दिखाने पर की गई है. पाकिस्तान ये मैच 7 विकेट से हार गया था.
ICC ने क्या कहा?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि फातिमा को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया. यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकत या इशारे करने से संबंधित है जो बल्लेबाज का अपमान करते हों या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकते हों.
यह घटना भारत के 56 रन के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हुई, जब फातिमा ने ओपनर शैफाली वर्मा को ‘कॉट-एंड-बोल्ड’ आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया.
ये फातिमा का दूसरा अपराध है
यह 24 महीनों के भीतर फातिमा का दूसरा अपराध है, जिससे उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या दो हो गई है. उन्हें पिछला डिमेरिट पॉइंट 6 अगस्त, 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ शुरुआती T20 इंटरनेशनल मैच के दौरान मिला था.
फातिमा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और आईसीसी के मैच रैफरी के अंतरराष्ट्रीय पैनल की सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. मैदानी अंपायर निमाली परेरा और शथिरा जाकिर जेसी, तीसरी अंपायर रोकैया सुल्ताना और चौथे अंपायर रबाब अहसन ने उनके खिलाफ आरोप लगाया था.
पाकिस्तान का अगला मैच
मैदान के बाहर मिली इस सजा के बावजूद, फातिमा मंगलवार को हांगकांग चीन के खिलाफ होने वाले मैच में पाकिस्तान की कप्तानी करने के लिए उपलब्ध रहेंगी. अगर पाकिस्तान जीतता है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि सात बार की विजेता भारत और मौजूदा चैंपियन श्रीलंका पहले ही वहां अपनी जगह पक्की कर चुके हैं.



