
बाजपुर। लेवड़ा नदी पुल के पास लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता के साथ हुई मारपीट के मामले में बाजपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर सहायक अभियंता राजीव कुमार, निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग काशीपुर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राजेश कुमार व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को राजीव कुमार ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लेवड़ा नदी पुल के पास राजेश कुमार एवं उसके साथ मौजूद अन्य व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की।
तहरीर के आधार पर बाजपुर पुलिस ने एफआईआर संख्या 328/2026 के तहत धारा 121(1)/132 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन एवं परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



